अंतर्राष्ट्रीय भारत संस्कृति उत्सव 2025 में स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेण्डरी स्कूल, नर्मदापुरम के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
एसपीटी न्यूज़ नर्मदापुरम स्थित स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेण्डरी स्कूल के विद्यार्थियों ने कोलकाता में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय भारत संस्कृति उत्सव 2025 में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अंतर्राष्ट्रीय मंच पर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। यह भव्य सांस्कृतिक महोत्सव हिंदुस्तान आर्ट एंड म्यूजिक सोसाइटी, कोलकाता द्वारा 26 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया गया, जिसमें भारत सहित विभिन्न देशों के प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कड़ी प्रतिस्पर्धा और उच्च स्तरीय प्रस्तुतियों के बीच स्प्रिंगडेल्स स्कूल के विद्यार्थियों ने संगीत, ताल और शास्त्रीय कला में अपनी सशक्त पहचान स्थापित की। समूह गीत प्रतियोगिता में नित्या तिवारी, पूर्वी सिंह, कृतिका महंत, लावण्या पवार, विभूति बलहारिया, कनव गौर एवं प्रकृति यादव ने अनुशासन, सामंजस्य और भावपूर्ण गायन से दर्शकों एवं निर्णायक मंडल को अत्यंत प्रभावित किया। युगल तबला बंधन में जयदेव चौहान एवं गौरव साहू ने उत्कृष्ट ताल-समन्वय का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। एकल तबला बंधन श्रेणी में अजीत सिंह आनंद को उनकी असाधारण कला-साधना के लिए प्रेसिडेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया, जो इस प्रतियोगिता का एक विशिष्ट सम्मान है।
युगल शास्त्रीय गायन में कृतिका महंत एवं लावण्या पवार ने सधी हुई एवं प्रभावशाली प्रस्तुति देकर तृतीय पुरस्कार अपने नाम किया। हिंदुस्तानी ख़याल गायन (एकल) श्रेणी में विभूति बलहारिया को फ्यूचर टैलेंट अवार्ड तथा प्रकृति यादव को फ्यूचर आर्टिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। प्राचार्या, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाइयाँ दी। स्कूल डायरेक्टर्स डॉ. आशीष चटर्जी एवं श्री सुभाशीष चटर्जी ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि ये छात्र भविष्य में भी भारतीय सांस्कृतिक विरासत को समर्पित रहते हुए नई ऊँचाइयों को स्पर्श करेंगे। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की सतत मेहनत, गुरुओं के कुशल मार्गदर्शन तथा स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सशक्त सांस्कृतिक वातावरण का प्रेरणादायी प्रमाण है।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?





